Uttar Pradesh News - Morning News Bulletin Uttar Pradesh - 27 December 2025 #180 *ADW*

नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं उत्तर प्रदेश एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :


1- यूपी : गुरु गोबिंद सिंह जयंती के मौके पर आज पूरे प्रदेश के स्कूल-कॉलेज बंद, शासन ने जारी किए आदेश

27 दिसंबर, शनिवार को गुरु गोबिंद सिंह जयंती के मौके पर उत्तर प्रदेश के सभी बेसिक व माध्यमिक शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने जिला विद्यालय निरीक्षकों व बीएसए को आदेश जारी कर दिया है। राज्य शासन की अवकाश सूची में यह दिन शामिल है। साथ ही, उच्च शिक्षा विभाग ने अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) महाविद्यालयों के 115 शिक्षकों के एकल तबादले को मंजूरी दी है। संयुक्त सचिव शकील अहमद सिद्दीकी द्वारा जारी आदेश में प्रबंध तंत्र की अनापत्ति अनिवार्य बताई गई है।

2- लखनऊ : आवास विकास परिषद में भ्रष्टाचार के मामले में 51 इंजीनियर दोषी, रिटायर्ड 15 की पेंशन से होगी वसूली

आवास विकास परिषद में भ्रष्टाचार व घटिया निर्माण के मामलों में 51 इंजीनियर दोषी पाए गए हैं। शुक्रवार को हुई बोर्ड बैठक में सेवानिवृत्त 15 इंजीनियरों के खिलाफ कार्रवाई मंजूर की गई। परिषद सचिव नीरज शुक्ला ने बताया कि लगभग पांच करोड़ रुपये के नुकसान की वसूली पेंशन से की जाएगी। प्रभारी संपत्ति प्रबंधक डीके शुक्ला से 1.21 करोड़, वरिष्ठ सहायक केएन सिंह से 1.21 करोड़ सहित कई अधिकारियों से राशि वसूली जाएगी। शेष 36 इंजीनियरों पर जारी है जांच।

3- यूपी : भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी का जाति आधारित बैठकों पर सख्त रुख, 5 जनवरी की विशेष बैठक रद्द

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पार्टी विधायकों की जाति विशेष की हुई बैठकों पर नाराजगी जताई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी गतिविधियां पार्टी की संवैधानिक परंपराओं के खिलाफ हैं और इनसे गलत संदेश जाता है। इसके चलते 5 जनवरी 2026 को होने वाली एक विशेष बैठक भी रद्द हो गई है। इसी बीच, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की, जिसके सियासी निहितार्थ लगाए जा रहे हैं।

4- यूपी : प्रदेश में भीषण शीतलहर का कहर जारी, 22 जिलों के लिए घने कोहरे का रेड अलर्ट, 26 उड़ानें रद्द

उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने गोरखपुर, लखनऊ, अयोध्या, सहारनपुर समेत 22 जिलों के लिए घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को मेरठ 5.8 डिग्री के साथ सबसे ठंडा जिला रहा। कोहरे के कारण प्रदेश भर में 26 उड़ानें रद्द हुईं और 100 से अधिक ट्रेनें लेट चलीं। प्रयागराज व श्रावस्ती में सड़क दुर्घटनाओं में कई लोग घायल हुए। आने वाले चार दिनों तक ठंड जारी रहने का अनुमान है।

5- व्यापार : चांदी ने छुआ ऑल टाइम हाई, 10 ग्राम सोना 1.38 लाख के पार, इस साल दाम 150% बढ़े

शुक्रवार को भारतीय बाजार में चांदी का भाव 9,124 रुपये बढ़कर 2,28,107 रुपये प्रति किलोग्राम के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, इस साल चांदी की कीमतों में 150% से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। सोने का भाव भी 1,329 रुपये बढ़कर 1,37,956 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। 31 दिसंबर 2024 के मुकाबले सोना 61,794 रुपये और चांदी 1,42,090 रुपये महंगी हुई है।



✳️ अन्य बड़ी खबरें :

1- अंतरराष्ट्रीय : अमेरिकी दस्तावेजों में खुलासा, 2001 में पुतिन ने बुश से कहा था- परमाणु हथियारों वाला पाकिस्तान एक जुंटा है

अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा अभिलेखागार से जारी डीक्लासिफाइड दस्तावेजों के अनुसार, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 2001 में अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश से कहा था कि पाकिस्तान एक सैन्य शासन (जुंटा) है जिसके पास परमाणु हथियार हैं। पुतिन ने कहा था कि यह लोकतंत्र नहीं है, फिर भी पश्चिम इसे नहीं बताता। दोनों नेताओं ने पाकिस्तान की परमाणु सुरक्षा व्यवस्था और आतंकवाद को लेकर गंभीर चिंता जताई थी।

2- आगरा : बीएसयूपी योजना में घटिया निर्माण का मामला, 12 इंजीनियरों की पेंशन में कटौती का आदेश

केंद्र की बेसिक सर्विसेज टू अर्बन पुअर (बीएसयूपी) योजना के तहत कालिंदी विहार के द्वितीय पॉकेट में 272 भवनों के निर्माण में गंभीर खामियां पाई गईं। आईआईटी रुड़की की जांच रिपोर्ट के बाद 12 इंजीनियरों पर कार्रवाई तय हुई है। सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता नासिर हुसैन फाजिली, सहायक अभियंता राजीव कुमार यादव समेत कई अधिकारियों की पेंशन में 5 से 10 प्रतिशत तक कटौती की जाएगी। इस पर कुल 5.25 करोड़ रुपये खर्च हुए थे।

3- राष्ट्रीय : शशि थरूर ने कहा- विदेश नीति पार्टी की नहीं देश की होती है, पाकिस्तान के खतरे को न करें नजरअंदाज

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शुक्रवार को कहा कि विदेश नीति किसी पार्टी विशेष की नहीं, बल्कि भारत की होती है। प्रधानमंत्री की हार पर खुश होना भारत की हार पर खुश होने जैसा है। इंडिया टुडे से बातचीत में उन्होंने पाकिस्तान से आने वाले सुरक्षा खतरों को गंभीरता से लेने की बात कही। थरूर ने कहा कि पाकिस्तान अब हाइपरसोनिक मिसाइल तकनीक और छिपकर हमला करने की रणनीति पर काम कर रहा है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

4- प्रतापगढ़ : घने कोहरे में रोडवेज बस नहर में गिरी, चालक समेत छह यात्री घायल, ग्रामीणों ने बचाया

शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे घने कोहरे के कारण प्रयागराज से आ रही एक रोडवेज बस प्रतापगढ़ के रायगढ़ चैन का पुरवा गांव के पास नहर में गिर गई। हादसे में बस चालक समेत छह यात्री घायल हो गए। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें महेशगंज सीएचसी में भर्ती कराया। थाना महेशगंज को सूचना दे दी गई है। मौसम विभाग ने आगे भी घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।



⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तर प्रदेश डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया उत्तर प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।

By : Bulletin Head Ayush Tiwari & Team, Uttar Pradesh Desk, DBUP India

Desk WhatsApp : +91 888 7070 140

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…

टिप्पणियाँ