DBUP India न्यूज बुलेटिन - 08/11/2025 - जनपद अयोध्या *DKCU* #26
⚡अयोध्या/ उ.प्र/ भारत - कल और आज की बड़ी खबरें :
चलिए बात करते हैं अयोध्या, उत्तर प्रदेश और भारत की बीते 12 घंटों की टॉप खबरों की।
बता दें, कल रात तक की सभी प्रमुख खबरें नाइट बुलेटिन में कवर की जा चुकी हैं, जिन्हें आप अलग से पढ़ सकते हैं|
सबसे पहले बात अयोध्या की बड़ी खबरों की :
1- अयोध्या: एयरपोर्ट पर 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूरे, राष्ट्रप्रेम से सराबोर हुआ परिसर (अयोध्या एयरपोर्ट)
‘वंदेमातरम्’ गीत के 150 वर्ष पूरे होने पर शुक्रवार को अयोध्या एयरपोर्ट पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। एयरपोर्ट निदेशक धीरेंद्र सिंह, CISF प्रमुख रविन्द्र सिंह सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से गायन किया, जिससे पूरा परिसर राष्ट्रप्रेम की भावना में डूब गया। अधिकारियों ने इसे देश की आत्मा का प्रतीक बताते हुए संकल्प लिया कि इसे अपने कर्म और सेवा के माध्यम से जीवंत रखेंगे।
2- अयोध्या: 52वें साल में चित्रकूट के लिए रवाना हुई ऐतिहासिक भरत यात्रा, 200 संत शामिल (मणिरामदास छावनी)
अयोध्यासे चित्रकूट के लिए 52वीं ऐतिहासिक भरत यात्रा शुक्रवार को रवाना हुई। श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के आशीर्वाद के बाद यह यात्रा गाजे-बाजे के साथ मणिरामदास छावनी से निकली। गुरु वशिष्ठ की भूमिका में महंत कमल नयन दास के मार्गदर्शन में करीब 200 संत और रामभक्त इस यात्रा में शामिल हुए। यात्रा का उद्देश्य सामाजिक मूल्यों की रक्षा और समाज को एक सूत्र में बांधना बताया गया।
3- अयोध्या: मेडिकल कॉलेज में अनोखी सजा, अनुशासनहीन छात्र-कर्मचारियों को 'राम' नाम लिखने की सजा (राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज)
अयोध्यास्थित राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा ने अनुशासनहीन छात्रों और कर्मचारियों के लिए अनोखी सजा का प्रावधान किया है। गलती करने पर अब उन्हें दंड स्वरूप 11 हजार से लेकर 51 हजार बार 'राम' नाम लिखना होगा। प्राचार्य ने बताया कि इसका उद्देश्य राम नाम के माध्यम से उनमें सकारात्मक सुधार लाना है। अब तक चार-पांच लोगों को यह सजा मिल चुकी है।
अब नजर उत्तर प्रदेश, भारत और अन्य जरूरी खबरों पर :
4- दिल्ली: एयरपोर्ट ATC सिस्टम 12 घंटे बाद हुआ दुरुस्त, 800 उड़ानें लेट, 20 रद्द; यात्रियों को भुगतनी पड़ी परेशानी (इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा)
दिल्लीएयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के ऑटोमेटिक मैसेज स्विच सिस्टम (AMSS) में शुक्रवार सुबह 9 बजे तकनीकी खराबी आ गई, जो रात करीब साढ़े नौ बजे ठीक हुई। इस 12 घंटे के व्यवधान के चलते 800 से अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें लेट हुईं और 20 उड़ानों को रद्द करना पड़ा। यात्रियों को चेक-इन और बोर्डिंग के दौरान लंबी कतारों और देरी का सामना करना पड़ा। इसका असर देश के अन्य हवाईअड्डों पर भी देखा गया।
5- सुप्रीम कोर्ट: स्कूल-अस्पताल से हटाए जाएं आवारा कुत्ते, नसबंदी के बाद उसी जगह न छोड़ें; हाईवे से भी हटाने के आदेश (राष्ट्रव्यापी)
सुप्रीम कोर्ट नेशुक्रवार को आवारा पशुओं को लेकर अहम आदेश जारी किए। कोर्ट ने कहा कि स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन जैसी जगहों से आवारा कुत्तों को हटाया जाए और उनकी एंट्री रोकने के लिए बाड़ लगाई जाए। पकड़े गए कुत्तों को नसबंदी के बाद उसी जगह वापस नहीं छोड़ा जाएगा, बल्कि शेल्टर में रखा जाएगा। सभी राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों से आवारा पशुओं को हटाने तथा हेल्पलाइन शुरू करने के भी आदेश दिए गए हैं। राज्यों को तीन हफ्ते में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करनी होगी।
6- वाराणसी: 53वें दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी, आज देश को चार नई वंदे भारत ट्रेनों की सौगात देंगे (बाबतपुर एयरपोर्ट)
प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम अपने 53वें दौरे पर काशी पहुंचे। बाबतपुर एयरपोर्ट पर मंत्री सुरेश खन्ना ने उनका स्वागत किया। पीएम ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि काशी के परिवारजनों के भव्य स्वागत ने अभिभूत कर दिया। आज शनिवार सुबह वे वाराणसी से बनारस-खजुराहो समेत चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेका गेस्ट हाउस में पीएम का स्वागत किया।
7- राष्ट्र: भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी के जीवन के 98 वसंत पूरे, पीएम मोदी ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं (देशव्यापी)
भारत रत्न और पूर्व गृह मंत्रीलालकृष्ण आडवाणी आज शनिवार को 98 वर्ष के हो गए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। पीएम ने एक्स पर पोस्ट में आडवाणी को दूरदर्शी, विद्वान और राजनेता बताते हुए कहा कि उनका जीवन देश के विकास को समर्पित रहा है। उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें