अयोध्या: मॉरीशस PM गुलाम आज रामलला के दर्शन को, रेड कार्पेट और डेढ़ घंटे की विशेष पूजा *XSSK* #11

अयोध्या: मॉरीशस PM गुलाम आज रामलला के दर्शन को, रेड कार्पेट और डेढ़ घंटे की विशेष पूजा


सारांश: मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चंद्र राम गुलाम 12 सितंबर को अयोध्या पहुंचेंगे। सुबह 11 बजे सीएम योगी रेड कार्पेट से स्वागत करेंगे। वे डेढ़ घंटे राम मंदिर में रामलला का पूजन व जलाभिषेक करेंगे, फिर देहरादून रवाना होंगे।


मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. गुलाम आज अयोध्या में रामलला का करेंगे दर्शन

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में है। भूटान के बाद अब मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चंद्र राम गुलाम आज, शुक्रवार 12 सितंबर को अयोध्या आ रहे हैं। वे श्री राम जन्मभूमि मंदिर में भगवान रामलला के दर्शन और पूजन करेंगे।

चलिए जानते हैं पूरा कार्यक्रम

मॉरीशस पीएम गुलाम सुबह 11 बजे वाराणसी से अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचेंगे। यहां पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद उनका मॉरीशस की पारंपरिक शैली में रेड कार्पेट के साथ स्वागत करेंगे। इसके बाद वे सीधे राम मंदिर परिसर पहुंचेंगे।

डेढ़ घंटे तक चलेगा धार्मिक कार्यक्रम

मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री गुलाम करीब डेढ़ घंटे तक रुकेंगे। इस दौरान वे रामलला के विधिवत पूजन और जलाभिषेक जैसे धार्मिक अनुष्ठान करेंगे। साथ ही, वे मंदिर निर्माण कार्य की प्रगति का भी जायजा लेंगे और परिसर में स्थित जटायु व अंगद टीले पर जाकर प्राचीन शिव मूर्ति का जलाभिषेक भी करेंगे।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

इस महत्वपूर्ण दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। एयरपोर्ट से लेकर मंदिर परिसर तक हर जगह विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। पुलिस, प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियां लगातार पूरे रूट और कार्यक्रम की निगरानी कर रही हैं।

क्यों है यह दौरा खास?

यह दूसरा मौका है जब कोई विदेशी राष्ट्राध्यक्ष अयोध्या आकर रामलला के दर्शन करेगा। यह दौरा सिर्फ धार्मिक ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और कूटनीतिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे भारत और मॉरीशस के ऐतिहासिक रिश्तों को एक नया आयाम मिलेगा।

देहरादून के लिए रवानगी

राम मंदिर में कार्यक्रम पूरा होने के बाद, मॉरीशस के प्रधानमंत्री और उनका दल दोपहर करीब 12:30 बजे अयोध्या हवाई अड्डे से देहरादून के लिए रवाना हो जाएंगे। अयोध्या प्रशासन ने इस पूरे कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

अयोध्या के जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने कहा, "मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. गुलाम का अयोध्या में विशेष स्वागत होगा। राम मंदिर में वे रामलला का पूजन करेंगे और मंदिर निर्माण कार्य का अवलोकन भी करेंगे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।"

टिप्पणियाँ