DBUP India न्यूज बुलेटिन - 05/09/2025 - जनपद अयोध्या *AAAZ* #18
⚡अयोध्या/ उ.प्र/ भारत - कल और आज की बड़ी खबरें :
चलिए बात करते हैं अयोध्या, उत्तर प्रदेश और भारत की बीते 12 घंटों की टॉप खबरों की।
बता दें, आज सुबह तक की सभी प्रमुख खबरें मॉर्निंग बुलेटिन में कवर की जा चुकी हैं, जिन्हें आप अलग से पढ़ सकते हैं|
सबसे पहले बात अयोध्या की बड़ी खबरों की :
1- अयोध्या: भूटान के पीएम दोशा शेरिंग बने राम मंदिर के दर्शन करने वाले पहले विदेशी प्रधानमंत्री, यूपी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया स्वागत - (अयोध्या)
भूटान के प्रधानमंत्री दोशा शेरिंग शुक्रवार सुबह अपनी पत्नी के साथ अयोध्या पहुंचे। उनका रेड कार्पेट के साथ यूपी कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने स्वागत किया। शेरिंग ने रामलला के दर्शन-पूजन किए और करीब दो घंटे तक मंदिर परिसर का अवलोकन किया। वे राम मंदिर में दर्शन करने वाले पहले विदेशी प्रधानमंत्री हैं। इस दौरान महासचिव चंपतराय और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। दोपहर में रामायणा होटल में भोजन के बाद वे लगभग 1:30 बजे दिल्ली रवाना हो गए।
2- अयोध्या: 6 और 7 सितंबर को PET परीक्षा, 50 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल; गणेश विसर्जन को देखते हुए 6 तारीख का समाधान दिवस स्थगित - (अयोध्या)
अयोध्या जनपद में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 6 और 7 सितंबर को होगी। जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर 50,304 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। डीएम निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि 6 सितंबर को गणेश विसर्जन भी है, इसलिए यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर दबाव को देखते हुए संपूर्ण समाधान दिवस को 8 सितंबर कर दिया गया है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हो सके।
3- अयोध्या: मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने की चुनावी तैयारियों की समीक्षा, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के दिए सख्त निर्देश - (अयोध्या)
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को अयोध्या में आगामी विधानसभा व लोकसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूची से धुंधली, काली या अस्पष्ट फोटो हटाकर स्पष्ट फोटो लगाई जाएं और दोहरी प्रविष्टियाँ समाप्त की जाएं। उन्होंने 18-19 वर्ष के मतदाताओं की संख्या केवल 1% होने पर चिंता जताते हुए इसे बढ़ाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों से सहयोग लेने को कहा।
अब नजर उत्तर प्रदेश, भारत और अन्य जरूरी खबरों पर :
4- लखनऊ: अखिलेश यादव की गाड़ियों का 8 लाख रुपये का चालान कटा, टोटी चोरी मामले पर कहा- 'मैं नहीं भूल सकता' - (लखनऊ)
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को दावा किया कि उनके काफिले की गाड़ियों का 8 लाख रुपये का चालान काटा गया है। उन्होंने कहा कि चालान मंजूर है, लेकिन यह जानबूझकर किया गया प्रयास है। इसी क्रम में, भाजपा विधायक केतकी सिंह द्वारा 'टोटी चोरी' के आरोपों का जवाब देते हुए अखिलेश ने कहा कि यह मामला IAS अवनीश अवस्थी और OSD अभिषेक कौशिक द्वारा कराया गया था और वे इसे कभी नहीं भूल सकते।
5- गोरखपुर: CDS जनरल अनिल चौहान बोले- चीन के साथ सीमा विवाद सबसे बड़ी चुनौती, पाकिस्तान से दूसरी; दोनों परमाणु शक्ति संपन्न - (गोरखपुर)
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने शुक्रवार को गोरखपुर में एक सेमिनार में कहा कि चीन के साथ सीमा विवाद भारत के लिए सबसे बड़ी सुरक्षा चुनौती है, जबकि पाकिस्तान दूसरी बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि दोनों देश परमाणु हथियारों से लैस हैं। उन्होंने युद्ध के बदलते स्वरूप, साइबर स्पेस और सुदर्शन चक्र जैसे मल्टी-डिफेंस सिस्टम पर जोर दिया। इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
6- लखनऊ: केतकी सिंह को सपा ने भेजा 5 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस, टोटी चोर कहने की मांगी सार्वजनिक माफी - (लखनऊ)
भाजपा विधायक केतकी सिंह द्वारा अखिलेश यादव को 'टोटी चोर' कहने के मामले में सपा ने उन्हें 5 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेja है। सपा अधिवक्ता सभा के अध्यक्ष कृष्ण कन्हैया ने 15 दिनों के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा है, नहीं तो कोर्ट में केस दायर करने की चेतावनी दी है। वहीं, केतकी सिंह की बेटी विभावरी सिंह ने सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ गौतमपल्ली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
7- उत्तर प्रदेश: सीएम योगी ने शिक्षक दिवस पर किया बड़ा ऐलान, 9 लाख शिक्षकों को मिलेगा कैशलेस इलाज; शिक्षामित्रों का मानदेय भी बढ़ेगा - (लखनऊ)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को शिक्षक दिवस के मौके पर ऐलान किया कि प्रदेश के 9 लाख शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। साथ ही, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के मानदेय में बढ़ोतरी के लिए बनी कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद जल्द ही सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 81 शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित भी किया।
8- अंतरराष्ट्रीय: ट्रम्प ने कहा- 'हमने भारत और रूस को चीन के हाथों खो दिया', US मंत्री ने टैरिफ हटाने की रखीं तीन शर्तें - (वाशिंगटन डीसी)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर आशंका जताई कि अमेरिका ने भारत और रूस को चीन के हाथों खो दिया है। वहीं, अमेरिकी उद्योग मंत्री हॉवर्ड लुटनिक ने भारत पर लगे 50% टैरिफ हटाने के लिए तीन शर्तें रखी हैं: भारत रूस से तेल खरीदना बंद करे, BRICS छोड़े और अमेरिका का समर्थन करे। उन्होंने दावा किया कि भारत एक-दो महीने में माफी मांगते हुए बातचीत की मेज पर आएगा। भारत ने कहा है कि वह अमेरिका के साथ व्यापारिक मुद्दों पर बातचीत जारी रखेगा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें