DBUP India न्यूज बुलेटिन - 02/09/2025 - जनपद अयोध्या *PEAL* #32
⚡अयोध्या/ उ.प्र/ भारत - कल और आज की बड़ी खबरें :
चलिए बात करते हैं अयोध्या, उत्तर प्रदेश और भारत की बीते 12 घंटों की टॉप खबरों की।
बता दें, आज सुबह तक की सभी प्रमुख खबरें मॉर्निंग बुलेटिन में कवर की जा चुकी हैं, जिन्हें आप अलग से पढ़ सकते हैं|
सबसे पहले बात अयोध्या की बड़ी खबरों की :
अयोध्या: राम मंदिर सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव, भीड़ नियंत्रण के लिए पास और स्लॉट सिस्टम पर विचार
अयोध्या जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने राम मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के न्यासी डॉ. अनिल मिश्र ने भविष्य में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए दर्शनार्थियों के लिए पास व्यवस्था और दो घंटे के स्लॉट में एंट्री सिस्टम लागू करने का सुझाव दिया। ट्रस्ट ने सुरक्षा में किसी भी तरह के समझौते से इनकार किया। निरीक्षण के दौरान श्रृंगार आरती के समय रामलला का तिलक ढीला हुआ, जिसे तुरंत ठीक किया गया। (अयोध्या)
अयोध्या: सरयू नदी पर 273 करोड़ की लागत से बनेगा नया पुल, गोंडा कनेक्टिविटी होगी आसान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में सरयू नदी पर नए पुल के निर्माण को मंजूरी दी। यह पुल नयाघाट और कटरा को जोड़ेगा, जिससे अयोध्या-गोंडा के बीच यातायात सुगम होगा। एक किलोमीटर लंबे और 10 मीटर चौड़े इस पुल की लागत 273 करोड़ रुपये आएगी। इससे पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ पुराने पुल पर यातायात दबाव भी कम होगा। (अयोध्या)
अयोध्या: CM योगी आदित्यनाथ कल हनुमानगढ़ी और राम मंदिर पहुंचेंगे, राज परिवार को देंगे श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार शाम को अयोध्या पहुंचेंगे। वह हनुमानगढ़ी में दर्शन और रामलला के दर्शन के बाद राज सदन में राम मंदिर ट्रस्ट के वरिष्ठ ट्रस्टी विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन पर श्रद्धांजलि देंगे। उनके दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। (अयोध्या)
अब नजर उत्तर प्रदेश, भारत और अन्य जरूरी खबरों पर :
लखनऊ: यूपी सरकार का बड़ा फैसला, आउटसोर्स कर्मचारियों को मिलेगी 16-20 हजार की सैलरी और PF-ESIC सुविधा
योगी सरकार ने आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश आउटसोर्सिंग सेवा निगम बनाने का फैसला किया। अब इन कर्मचारियों को 16 से 20 हजार रुपये मासिक वेतन, PF, ESIC और आरक्षण का लाभ मिलेगा। भर्ती तीन साल के लिए होगी और सैलरी सीधे खाते में जमा की जाएगी। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि भर्ती पारदर्शी तरीके से की जाएगी। (लखनऊ)
बाराबंकी: LLB छात्रों की पिटाई के मामले में CO सस्पेंड, ABVP ने विधानसभा का किया घेराव
बाराबंकी की रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी में LLB छात्रों की पिटाई के मामले में CO सिटी हर्षित चौहान को सस्पेंड कर दिया गया है। छात्रों का आरोप है कि यूनिवर्सिटी बिना मान्यता के एडमिशन ले रही थी। ABVP के प्रदर्शन के दौरान लखनऊ में छात्रों और पुलिस के बीच तनाव हुआ। IG अयोध्या को जांच का जिम्मा सौंपा गया है। (बाराबंकी/लखनऊ)
कानपुर: नवविवाहित जोड़े ने दुपट्टे से लटककर की आत्महत्या, ढाई महीने पहले हुई थी शादी
नौबस्ता थाना क्षेत्र के मछरिया इलाके में मोहम्मद साजिद (22) और उसकी पत्नी सूफिया (20) ने एक दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों की शादी ढाई महीने पहले 17 जून को हुई थी। परिवार वालों ने बताया कि दोनों खुश थे और उनके बीच किसी तरह का झगड़ा नहीं था। मामला की जांच चल रही है। (कानपुर-नौबस्ता)
अफगानिस्तान: भूकंप से मौतों का आंकड़ा 1400 के पार, भारत ने भेजी 1000 टेंट और 15 टन राहत सामग्री
अफगानिस्तान में भूकंप से मरने वालों की संख्या 1400 से अधिक हो गई है। तालिबान सरकार ने अंतरराष्ट्रीय मदद की अपील की है। भारत ने 1000 टेंट और 15 टन खाद्य सामग्री भेजकर मदद का हाथ बढ़ाया है। PM मोदी ने शोक जताया है। संयुक्त राष्ट्र और कई देश राहत कार्य में जुटे हैं। (काबुल)
वाशिंगटन: पूर्व अमेरिकी NSA ने ट्रम्प पर लगाया पाकिस्तान पक्षधर होने का आरोप, भारत संबंधों को बताया नुकसान
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने कहा कि ट्रम्प परिवार के पाकिस्तान में बिजनेस इंटरेस्ट की वजह से भारत-अमेरिका संबंध प्रभावित हुए हैं। उन्होंने ट्रम्प पर देश के बजाय व्यक्तिगत फायदे के लिए काम करने का आरोप लगाया। सुलिवन ने भारत के साथ रिश्ते मजबूत करने पर जोर दिया। (वाशिंगटन डीसी)
🚨 अब कुछ खबरें हैडलाइन में :
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें