अयोध्या : एथलेटिक्स में एनडी कृषि विवि का जलवा, 800 व 5000 मीटर दौड़ में दो-दो स्वर्ण पदक #9 *UIW*

DBUP, ब्यूरो अयोध्या।

आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में आयोजित 22वीं अखिल भारतीय अंतर कृषि विश्वविद्यालयीय खेलकूद प्रतियोगिता के तीसरे दिन खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। अधिकतर खेलों में टीमें सेमीफाइनल से फाइनल की ओर अग्रसर हैं। रविवार को कई खेलों के फाइनल मुकाबले संपन्न हुए, जिनके विजेताओं को कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया।

एथलेटिक्स में अयोध्या की आंचल ठाकुर छाई रहीं
आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय, अयोध्या की एथलीट आंचल ठाकुर ने 5000 मीटर महिला वर्ग में 22.32 मिनट में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। हिसार की प्रीति को रजत व बंगालकोट विवि की चांदनी को कांस्य पदक मिला।
आंचल ने 800 मीटर महिला वर्ग में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस वर्ग में बेंगलुरु की इमाम को रजत व पावित्रा को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

पुरुष वर्ग में भी ND कृषि विवि का दम
5000 मीटर पुरुष वर्ग में इंदिरा गांधी कृषि विवि रायपुर के अरमान ने 17.38 मिनट में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया, जबकि अयोध्या के सचिन को रजत व राहुरी के ओम पिंपल को कांस्य पदक मिला।
1500 मीटर पुरुष वर्ग में सिवामोगा कृषि विवि ने 4.33 मिनट में दौड़ लगाकर स्वर्ण जीता। रायपुर के अरमान को रजत व अयोध्या के सचिन को कांस्य मिला।
100 मीटर पुरुष वर्ग में पंजाब कृषि विवि के अविकाश सिंह ने स्वर्ण, कर्नाटक पशु चिकित्सा विवि के ध्यान चितप्पा के ने रजत और पंतनगर के अली रहमान ने कांस्य पदक जीता।


महिला 100 मीटर में बेंगलुरु की अश्विता शीर्ष पर
महिला 100 मीटर दौड़ में बेंगलुरु की अश्विता को स्वर्ण, पंजाब की गुरप्रीत कौर को रजत व केरल की अन्ना सी जोसेफ को कांस्य पदक मिला।


टेबल टेनिस व कबड्डी में भी ND विवि फाइनल की ओर

टेबल टेनिस में अयोध्या की टीम ने रांची कृषि विवि को हराकर फाइनल में जगह बना ली है, जहां उसका मुकाबला असम कृषि विवि, जोरहट से होगा।
कबड्डी के क्वार्टर फाइनल में मराठवाड़ा को हराकर ND कृषि विवि सेमीफाइनल में पहुंची है, जहां उसका सामना हिसार से होगा।



बास्केटबॉल व खो-खो सेमीफाइनल के नतीजे

महिला बास्केटबॉल में बेंगलुरु ने पंजाब को 12 अंकों से हराया, जबकि हिसार ने केरल को 39 अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अब बेंगलुरु और हिसार आमने-सामने होंगे।

महिला खो-खो में गोदावरी विवि ने भुवनेश्वर को 1 अंक से पराजित किया, वहीं राउरी विवि ने सिमोगा को 6 अंकों से हराया। अब फाइनल में गोदावरी और राउरी की टक्कर होगी।


मैच निर्णायक: निर्णायक दल की अहम भूमिका

खेल प्रतियोगिता को सफल संचालन में निम्नलिखित निर्णायकों का योगदान रहा:
विजय प्रताप सिंह, सुरेश कुमार सिंह, डॉ. नवीन कुमार सिंह (लेफ्टिनेंट), शशांक शर्मा, मानवेन्द्र प्रताप सिंह, निधि पाल, श्रेया वर्मा, राघवेंद्र तिवारी, जितेंद्र मौर्य, डॉ. देवनारायण, अभिनव सिंह राजपूत, अभिनव वर्मा, शुभांकर, अमर राव, ऋचा सिंह, अनुभव यादव आदि।


स्वास्थ्य विभाग की टीम भी सतर्क

प्रतियोगिता के दौरान किसी भी आपात स्थिति या चोट की स्थिति में तुरंत सहायता हेतु स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय रही।
इस टीम में प्रमुख रूप से डॉ. नमिता जोशी (प्रभारी), डॉ. योगेश तिवारी, डॉ. सोनू जायसवाल, डॉ. आलोक सिंह, डॉ. आशा वर्मा, सुधीर सिंह, राणा प्रताप भूषण, अनीता, शिल्पा यादव, बीरेंद्र यादव, राजकिशोर सिंह, एएनएम श्यामा सिंह सहित कई कर्मी तैनात हैं।


संवाददाता : धर्मचंद मिश्रा, कुमारगंज केंद्र

टिप्पणियाँ