Uttar Pradesh News - Morning News Bulletin Uttar Pradesh - 02 January 2026 #180 *ADW*
नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं उत्तर प्रदेश एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :
1- स्विट्जरलैंड के मशहूर क्रांस-मोंटाना स्की रिसॉर्ट में न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान भीषण अग्निकांड, मृतकों की संख्या बढ़कर 47; फ्लैशओवर की आशंका (क्रांस-मोंटाना, वैले कैंटन)
स्विट्जरलैंड के वैले कैंटन स्थित क्रांस-मोंटाना स्की रिसॉर्ट में नए साल के जश्न के दौरान हुए भीषण अग्निकांड में मरने वालों की संख्या बढ़कर 47 हो गई है। यह हादसा ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ बार में उस समय हुआ, जब बड़ी संख्या में लोग न्यू ईयर पार्टी में मौजूद थे। पुलिस और जांच एजेंसियों के अनुसार आग बहुत तेजी से फैली, जिसकी वजह ‘फ्लैशओवर’ हो सकती है। वैले कैंटन की अटॉर्नी जनरल बेआत्रिस पिलू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना को आतंकवादी हमला नहीं माना जा रहा है। चश्मदीदों के बयान लिए जा रहे हैं और घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच जारी है। मृतकों की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।
2- यूपी सिपाही भर्ती में आयु सीमा को लेकर असंतोष, सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों ने तीन वर्ष की छूट की मांग तेज की (लखनऊ, पुलिस भर्ती बोर्ड)
उत्तर प्रदेश पुलिस में 32,679 सिपाही पदों पर सीधी भर्ती के लिए जारी विज्ञप्ति के बाद सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों में नाराजगी सामने आई है। भर्ती बोर्ड ने पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 22 वर्ष और महिला अभ्यर्थियों के लिए 25 वर्ष तय की है, जबकि ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग को शासनादेश के अनुसार पांच वर्ष की छूट दी गई है। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थी सोशल मीडिया के माध्यम से तीन वर्ष की आयु छूट की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि इससे पहले 60,244 सिपाहियों की भर्ती में कोरोना महामारी के कारण सभी वर्गों को आयु सीमा में तीन साल की राहत दी गई थी। इस बार छूट न मिलने से 22 वर्ष से अधिक आयु वाले अभ्यर्थी भर्ती से बाहर हो जाएंगे।
3- यूपी में कड़ाके की ठंड के बीच बाराबंकी सबसे ठंडा जिला, पूर्वी तराई में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी (लखनऊ, मौसम विभाग)
उत्तर प्रदेश में सर्दी का असर लगातार बना हुआ है। गुरुवार को न्यूनतम 3 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ बाराबंकी प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। गोरखपुर में 4.4 डिग्री और हरदोई में 4.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण शुक्रवार से अगले दो दिनों तक अधिकांश इलाकों में कोहरे का दायरा कम हो सकता है, लेकिन कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर और देवरिया में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
4- फास्टैग यूजर्स को बड़ी राहत, 1 फरवरी 2026 से KYV प्रक्रिया खत्म; अब जरूरत पड़ने पर ही होगी जांच (नई दिल्ली, NHAI)
नेशनल हाईवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने फास्टैग नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए 1 फरवरी 2026 से KYV (नो योर व्हीकल) प्रक्रिया समाप्त करने का फैसला किया है। नई कार, जीप और वैन के लिए फास्टैग जारी करते समय अब KYV की जरूरत नहीं होगी। पहले से लगे फास्टैग के लिए भी रूटीन KYV अनिवार्य नहीं रहेगा। अथॉरिटी के अनुसार, अब केवल शिकायत मिलने पर ही KYV कराया जाएगा। साथ ही, फास्टैग जारी करने वाले बैंक वाहन पोर्टल के सरकारी डेटाबेस से खुद ही वाहन का वेरिफिकेशन करेंगे। इससे टोल प्लाजा पर भुगतान प्रक्रिया अधिक तेज और बिना रुकावट वाली होगी।
5- योगी सरकार का देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 8 महिला अफसरों समेत 21 IAS अधिकारियों का ट्रांसफर (लखनऊ, राज्य शासन)
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 21 IAS अधिकारियों का तबादला किया है, जिनमें 8 महिला अधिकारी शामिल हैं। प्रमोशन पाए कई अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है। अपर्णा यू. को प्रमुख सचिव राजस्व बनाया गया है, जबकि एसवीएस रंगाराव को प्रमुख सचिव उत्तर प्रदेश पुनर्गठन समन्वय एवं सामान्य प्रशासन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नेहा शर्मा को महानिरीक्षक निबंधक और डॉ. सारिका मोहन को सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग एवं महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा नियुक्त किया गया है। खास बात यह है कि अब राजस्व विभाग की पूरी कमान महिला अधिकारियों के हाथों में रहेगी।
✳️ अन्य बड़ी खबरें :
1- IFJ रिपोर्ट: साल 2025 पत्रकारों के लिए सबसे खूनी साबित, दुनिया भर में 128 की मौत; गाजा और पश्चिम एशिया सबसे खतरनाक क्षेत्र (नई दिल्ली / वैश्विक रिपोर्ट)
इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (IFJ) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 पत्रकारिता के इतिहास का सबसे खतरनाक साल रहा। बीते साल दुनियाभर में 128 पत्रकार और मीडिया कर्मियों की हत्या हुई। इनमें से 74 मौतें अकेले पश्चिम एशिया और अरब देशों में दर्ज की गईं, जो कुल आंकड़े का 58% है। रिपोर्ट में गाजा को सबसे भयावह इलाका बताया गया है, जहां 56 पत्रकार मारे गए। 10 अगस्त को अल-जजीरा के रिपोर्टर अनस अल-शरीफ की हत्या को सबसे दर्दनाक घटनाओं में गिना गया। IFJ के मुताबिक इस समय विश्वभर में 533 पत्रकार जेलों में बंद हैं। महासचिव एंथनी बेलांजर ने इसे वैश्विक संकट बताते हुए सरकारों से पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
2- यूपी दिवस 24 से 26 जनवरी तक भव्य रूप में मनाने के निर्देश, लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर होगा मुख्य आयोजन: सीएम योगी (लखनऊ, मुख्यमंत्री कार्यालय)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि उत्तर प्रदेश दिवस का मुख्य आयोजन 24 से 26 जनवरी तक राजधानी लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर किया जाए। गुरुवार को हुई समीक्षा बैठक में सीएम ने कहा कि यूपी दिवस के कार्यक्रम सभी जिलों, अन्य राज्यों और विदेशों में भी आयोजित किए जाएं, जहां बड़ी संख्या में यूपी के प्रवासी रहते हैं। ब्लॉक, नगर और जिला स्तर पर सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं होंगी, जिनके विजेता मंडल और राज्य स्तर पर प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रमों में उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान, ओडीओपी, विश्वकर्मा श्रम सम्मान सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने माघ मेले की तैयारियों की भी समीक्षा की और सुरक्षा, स्वच्छता व स्वास्थ्य पर विशेष जोर दिया।
3- इंदौर में दूषित पानी से 14 मौतों की पुष्टि, मेडिकल कॉलेज रिपोर्ट में पाइपलाइन लीकेज जिम्मेदार; NHRC ने मांगी रिपोर्ट (भागीरथपुरा, इंदौर)
इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पेयजल से 14 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज की लैब रिपोर्ट में सामने आया है कि पाइपलाइन में लीकेज के कारण पानी में खतरनाक बैक्टीरिया मिल गए थे। CMHO डॉ. माधव हसानी के अनुसार अब तक करीब 1400 लोग संक्रमित हुए हैं, जिनमें 201 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं और 32 ICU में हैं। मामले पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मध्य प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव से दो सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी सीवेज पानी मिलने की आशंका स्वीकार की है। क्षेत्र में पानी न पीने की सलाह दी गई है।
4- कर्नाटक सर्वे रिपोर्ट: 91% लोगों को चुनाव की निष्पक्षता पर भरोसा; राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ आरोपों पर भाजपा का पलटवार (बेंगलुरु / कर्नाटक)
कर्नाटक मॉनिटरिंग एंड इवैल्यूएशन अथॉरिटी (KMEA) की एक स्टडी में दावा किया गया है कि राज्य के 91% नागरिकों को भारत में चुनावों की निष्पक्षता और ईवीएम की विश्वसनीयता पर भरोसा है। यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है, जब कांग्रेस सांसद राहुल गांधी लगातार ‘वोट चोरी’ के आरोप लगा रहे हैं। भाजपा ने रिपोर्ट को राहुल के आरोपों पर करारा जवाब बताया है। सर्वे में 5,100 मतदाताओं को शामिल किया गया और राज्य के चारों संभागों को कवर किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, ईवीएम पर सबसे अधिक भरोसा कलबुर्गी डिवीजन में दिखा। वहीं चुनावों में पैसे के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर 44.9% लोगों ने चिंता भी जताई।
⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तर प्रदेश डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया उत्तर प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।
By : Bulletin Head Ayush Tiwari & Team, Uttar Pradesh Desk, DBUP India
Desk WhatsApp : +91 888 7070 140
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें