Uttar Pradesh News - Morning News Bulletin Uttar Pradesh - 28 December 2025 #180 *ACDW*

नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं उत्तर प्रदेश एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :


लखनऊ : भाजपा विधायकों की बैठक पर अखिलेश का हमला, बोले - वोटर कटे तो हार तय, ओबीसी पद भी घटाए (लखनऊ)

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा के जाति विशेष विधायकों की हालिया बैठक पर निशाना साधा है। उन्होंने शनिवार को कहा कि भाजपा में विद्रोह का असली कारण यह है कि पार्टी को पता चल गया है कि एसआईआर में 2.89 करोड़ वोटर कट गए हैं। उन्होंने योगी सरकार पर चार नई नौकरियों के विज्ञापन में ओबीसी के 183 पद घटाने का भी आरोप लगाया। इससे पहले, प्रदेश सपा मुख्यालय पर महाराजा खेत सिंह खंगार की जयंती सादगी से मनाई गई।


यूपी : घने कोहरे ने कई जिलों में घटाई दृश्यता शून्य, इटावा सबसे ठंडा; दो दिन और रहने के आसार (लखनऊ/प्रदेशव्यापी)

यूपी में कड़ाके की ठंड जारी है। शनिवार सुबह शाहजहांपुर, बरेली, अलीगढ़, मुरादाबाद, प्रयागराज और कुशीनगर में घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य रही। इटावा 6.2 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी कई जिलों में घना से बहुत घना कोहरा रहने का अनुमान है। हालांकि, दो दिन बाद कोहरे में कमी और तापमान में मामूली बढ़ोतरी के आसार हैं।


दिल्ली : उन्नाव दुष्कर्म केस में कुलदीप सेंगर की जमानत पर आज सुनवाई, CJI की पीठ करेगी फैसला (दिल्ली/उन्नाव)

उन्नाव दुष्कर्म मामले में दोषी पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत और सजा निलंबन को चुनौती देने वाली सीबीआई की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सोमवार (29 दिसंबर) को सुनवाई करेगी। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ इस मामले पर विचार करेगी। दिल्ली हाईकोर्ट ने 23 दिसंबर को सेंगर की सजा निलंबित करते हुए जमानत दी थी, जिसे सीबीआई और पीड़िता पक्ष ने चुनौती दी है।


बांग्लादेश : पिछले छह महीने में हिंदुओं पर ईशनिंदा के आरोप में 71 हमले, भारत ने जताई गंभीर चिंता (ढाका/विविध जिले)

बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। मानवाधिकार संगठन एचआरसीबीएम की एक रिपोर्ट के अनुसार, जून से दिसंबर 2025 के बीच ईशनिंदा के आरोपों पर हिंदुओं के खिलाफ कम से कम 71 हमले हुए। ये घटनाएं 30 से अधिक जिलों में दर्ज की गईं, जिनमें हत्या और संपत्ति को नुकसान शामिल है। भारत ने इन हिंसक घटनाओं पर गंभीर चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


बिहार/छपरा : PCS अधिकारी के दोनों बच्चों समेत चार की अंगीठी के धुएं से दम घुटने से मौत, पिता ने कफन हटा-हटाकर देखा चेहरा (क्षेत्र - छपरा सदर)

बिहार के छपरा में शनिवार देर रात एक मार्मिक हादसा हुआ। ठंड से बचने के लिए अंगीठी जलाकर सोए एक परिवार के चार सदस्यों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों में वाराणसी के जिला सहकारी पदाधिकारी (PCS) विजय सिंह के तीन साल के बेटे तेजस व चार साल की बेटी अध्याय, उनकी सात माह की भांजी गुड़िया और 70 वर्षीय सास कमलावती देवी शामिल हैं। घटना 26 दिसंबर की रात उनके ससुराल में हुई। विजय सिंह ने शवों के पास जाकर बार-बार कफन हटाकर बच्चों का चेहरा देखा और रोते हुए कहा, "मैं बेटे को चिप्स खिलाने का वादा पूरा नहीं कर सका।" तीन अन्य लोग गंभीर अवस्था में पटना के अस्पताल में हैं।


✳️ अन्य बड़ी खबरें :


1- उत्तर प्रदेश : राज्य के 45 जिले घने कोहरे में डूबे, मेरठ सबसे ठंडा; आईएमडी ने अगले 2-3 दिन और बढ़ने की दी चेतावनी

उत्तर प्रदेश में शीतलहर और घने कोहरे ने रविवार की सुबह भी कहर बरपाया। आगरा, गोरखपुर, कानपुर समेत 45 जिले कोहरे की चपेट में हैं, जबकि 18 जिलों में दृश्यता शून्य हो गई है। मेरठ सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री दर्ज किया गया। आगरा में कोहरे ने ताजमहल को ढक लिया। कोहरे के चलते 50 से ज्यादा ट्रेनें लेट रहीं और कई सड़क हादसे हुए। मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले 2-3 दिनों तक ठंड और बढ़ने की चेतावनी दी है। बुलंदशहर में कोहरे के कारण एक कार सड़क किनारे नल से टकराकर जल गई, चालक बाल-बाल बचा।

2- मथुरा : ब्राह्मण विधायकों की बैठक पर भड़के BJP प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, दूसरी बार दी सख्त चेतावनी

भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पार्टी के ब्राह्मण विधायकों द्वारा 23 दिसंबर को लखनऊ में आयोजित बैठक पर नाराजगी जताते हुए उन्हें दोबारा चेतावनी दी है। मथुरा में उन्होंने कहा, "भाजपा सर्व समाज की पार्टी है। हमारा संविधान अनुमति नहीं देता कि जनप्रतिनिधि जातीय आधार पर बैठक करें। आगे ऐसी कोई बैठक न हो जो पार्टी के खिलाफ हो।" इससे पहले 25 दिसंबर को भी चौधरी ने इस मामले में विधायकों को फटकार लगाई थी। बता दें कि लखनऊ में हुई उस बैठक में करीब 50 ब्राह्मण विधायक शामिल हुए थे।

3- रक्षा : गलवान के बाद हिमालयी सीमा पर भारत ने तेज किया इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण, अमेरिकी रिपोर्ट में दावा - जोजिला सुरंग समेत सड़कें-एयरस्ट्रिप बना रहा

अमेरीकी अखबार 'वॉल स्ट्रीट जर्नल' की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत 2020 की गलवान घाटी झड़प के बाद हिमालयी सीमा क्षेत्र में चीन से निपटने के लिए अपना इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से मजबूत कर रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत सड़कें, सुरंगें और हवाई पट्टियां बनाने पर अरबों रुपये खर्च कर रहा है। इसमें 11,500 फीट ऊंचाई पर बन रही जोजिला सुरंग (लागत 750 मिलियन डॉलर) प्रमुख है, जिसके 2028 तक पूरा होने का लक्ष्य है। इससे लद्दाख तक सामान पहुंचाना आसान होगा। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत ने सीमा पर 30 से अधिक हेलीपैड बनाए हैं और नए एयरबेस भी विकसित किए हैं।


⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तर प्रदेश डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया उत्तर प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।

By : Bulletin Head Ayush Tiwari & Team, Uttar Pradesh Desk, DBUP India

Desk WhatsApp : +91 888 7070 140

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…

टिप्पणियाँ