Uttar Pradesh News - Morning News Bulletin Uttar Pradesh - 25 December 2025 #180 *ACDW*
नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं उत्तर प्रदेश एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :
यूपी विधानसभा : योगी का विपक्ष पर तंज - "मैं भजन करने नहीं आया, हेकड़ी दिखाने वालों को ठीक किया" (लखनऊ)
यूपी विधानसभा के शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष को जवाब दिए। उन्होंने कहा कि यूपी में न कर्फ्यू है, न दंगा और "हेकड़ी दिखाने वालों को ठीक किया"। पूजा पाल मामले का जिक्र करते हुए कहा कि अब हर बेटी को न्याय मिलेगा। उन्होंने सपा पर भर्ती में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि शिवपाल यादव इसके 'मास्टर' थे। सीएम ने दावा किया कि 9 साल में 9 लाख नौकरियां दी गईं और पेट्रोल-डीजल देश में सबसे सस्ता यूपी में है। भाषण के अंत में उन्होंने "तुम चलो तो सही..." शायरी सुनाई। इसके बाद विधानसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गई।
कर्नाटक : स्लीपर बस-लॉरी की टक्कर में भीषण आग, 10 यात्री जिंदा जले (चित्रदुर्ग-हिरियूर)
कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में भीषण सड़क हादसा। बुधवार रात एनएच-48 पर हिरियूर तालुक के पास एक लॉरी, बेंगलुरु से गोकर्ण जा रही प्राइवेट स्लीपर बस से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में तुरंत आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 10 यात्री जिंदा जलकर मारे गए हैं। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। जले हुए शवों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। पीएम मोदी ने दुख जताया है और मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये देने की घोषणा की है।
यूपी मौसम : घने कोहरे ने बढ़ाई मुसीबत, उन्नाव में बस-कंटेनर टक्कर से 9 घायल (उन्नाव-बांगरमऊ)
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर जारी है। गुरुवार सुबह उन्नाव जिले के बांगरमऊ क्षेत्र में कोहरे के चलते एक रोडवेज बस का कंटेनर से भीषण टक्कर हो गई, जिसमें 9 यात्री घायल हो गए। प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में दृश्यता 10 मीटर से कम है। लखनऊ में 'बारिश जैसा' कोहरा पड़ रहा है। ठंड से बचाव के लिए गाजीपुर में बकरियों को स्वेटर पहनाए गए तो कानपुर चिड़ियाघर में शेर-बाघ के लिए हीटर लगाए गए। लगातार ठंड के कारण अब तक 15 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
लखनऊ : आज पीएम मोदी करेंगे राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण, अटल, दीनदयाल और मुखर्जी की भव्य प्रतिमाओं का होगा अनावरण (बसंतकुंज)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 25 दिसंबर को लखनऊ के बसंतकुंज स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण करेंगे। दिसंबर 2022 में शुरू हुए इस परियोजना पर 232 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। पीएम सबसे पहले अटल बिहारी वाजपेयी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 65 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे। इन प्रतिमाओं पर 21 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसके बाद वह तीनों नेताओं को समर्पित म्यूजियम का भी उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में डेढ़ लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर में कड़ी सुरक्षा और व्यापक यातायात डायवर्जन लागू हैं।
यूपी विधानसभा : सदन में हंगामे के बाद अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई कार्यवाही, नेता प्रतिपक्ष लाल बहारी यादव को किया गया बाहर
बुधवार को यूपी विधान परिषद में सत्ता-विपक्ष में तीखी नोंकझोंक के बाद विधानमंडल के दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव (सपा) ने एक प्रश्न को लेकर सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह से विवाद किया और उन पर 'लोकतंत्र की हत्या' का आरोप लगाया। इस पर सभापति ने उन्हें सदन से बाहर जाने का आदेश दिया। बाद में, माफी मांगने के बाद स्थिति शांत हुई। विधानसभा में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष को बिजली से नहीं, 'श्रीराम' और 'वंदे मातरम' से समस्या है।
✳️ अन्य बड़ी खबरें :
यूपी : प्रदेश के 48 जिलों में घने कोहरे और गलन का ऑरेंज अलर्ट, 27 दिसंबर तक जारी रहेंगे स्कूलों के अवकाश
मौसम विभाग ने प्रदेश के 48 जिलों में घने कोहरे और शीतलहर (गलन) का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वी यूपी के 27 जिलों में घने कोहरे, जबकि 21 जिलों में शीत दिवस (दिन का तापमान कम रहना) की चेतावनी है। उत्तराखंड-हिमाचल में बर्फबारी से आ रही ठंडी हवाओं के कारण अगले 2-3 दिन तापमान में 2-3 डिग्री और गिरावट का अनुमान है। सरकार ने कोहरे में बसों की गति 40 किमी/घंटा सीमित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही स्कूलों के अवकाश 27 दिसंबर तक बढ़ा दिए गए हैं। कोहरे के कारण लखनऊ हवाई अड्डे से दिल्ली रूट की चार उड़ानें 25 से 27 दिसंबर तक निरस्त की गई हैं, जबकि कई ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं।
वाराणसी : पायलट ने 'शिफ्ट खत्म' कह उड़ान भरने से किया इनकार, कोलकाता जाने वाले 179 यात्री फंसे (लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा)
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट ने भारी उथल-पुथल मचाई। मंगलवार को कोलकाता से आई फ्लाइट 6ई-440 के पायलट ने शिफ्ट समाप्त होने का हवाला देकर विमान को वापस कोलकाता ले जाने से मना कर दिया। इससे 179 यात्री फंस गए। यात्रियों ने हंगामा किया, जिसके बाद एयरलाइंस ने सभी यात्रियों को होटलों में ठहराया। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (एफडीटीएल) नियम के तहत यह कदम उठाया गया। यात्रियों को बुधवार को दूसरी फ्लाइट से कोलकाता भेजा गया।
लखनऊ : आरएसएस के खिलाफ बयान के मामले में कोर्ट ने राहुल, प्रियंका, सोनिया और खरगे समेत कांग्रेस नेताओं को जारी किया नोटिस
भारत के खिलाफ लड़ने के बयान के मामले में एमपी-एमएलए की विशेष अदालत ने कांग्रेस नेताओं को नोटिस जारी किया है। परिवादी नृपेंद्र पांडेय के आवेदन पर सुनवाई करते हुए विशेष एसीजेएम आलोक वर्मा ने राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और केसी वेणुगोपाल को नोटिस जारी कर 5 जनवरी 2026 को पेश होने का आदेश दिया है। आरोप है कि 15 जनवरी 2025 को कांग्रेस मुख्यालय के उद्घाटन पर राहुल गांधी ने कहा था कि वे "आरएसएस, बीजेपी और भारत के खिलाफ लड़ रहे हैं"। इस पर राजद्रोह का मामला दर्ज है।
रेलवे : आरआरसी प्रयागराज द्वारा आयोजित ग्रुप डी (लेवल-1) भर्ती परीक्षा आठ जनवरी से शुरू, दस फरवरी तक चलेगी परीक्षा
रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरसी) प्रयागराज ने ग्रुप डी (अब लेवल-1) की भर्ती परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) 8 जनवरी 2026 से शुरू होकर 10 फरवरी 2026 तक चलेगी। इस भर्ती के तहत असिस्टेंट (वर्कशॉप), ट्रैक मेंटेनर, प्वाइंट्समैन, हेल्पर आदि पदों पर नियुक्तियां होंगी। एनसीआर के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा शहर की जानकारी और ई-कॉल लेटर परीक्षा से क्रमशः 10 और 4 दिन पहले डाउनलोड किए जा सकेंगे। उम्मीदवार हेल्पडेस्क नंबर 9513631887 पर संपर्क कर सकते हैं।
⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तर प्रदेश डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया उत्तर प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।
By : Bulletin Head Ayush Tiwari & Team, Uttar Pradesh Desk, DBUP India
Desk WhatsApp : +91 888 7070 140
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें