Uttar Pradesh News - Morning News Bulletin Uttar Pradesh - 17 December 2025 #180 *ADW*

नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं उत्तर प्रदेश एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :


1- विदेश: पीएम मोदी को इथियोपिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'द ग्रेट ऑनर', द्विपक्षीय संबंधों पर हुई चर्चा (अदीस अबाबा)


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया के दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'द ग्रेट ऑनर निशां ऑफ इथियोपिया' से नवाजा गया। यह सम्मान पाने वाले वे पहले वैश्विक नेता बन गए हैं। इससे पहले, पीएम मोदी ने इथियोपियाई पीएम अबी अहमद अली के साथ द्विपक्षीय बैठक की, जहां भारत ने वहां के छात्रों के लिए स्कॉलरशिप दोगुना करने की घोषणा की। दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों पर चर्चा हुई। भारत, 615 से अधिक कंपनियों के निवेश के साथ इथियोपिया का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है।


2- उत्तर प्रदेश: मंत्री संजय निषाद के 'नकाब हटाने' संबंधी बयान पर विवाद, खुद बोले- किसी का अपमान करना उद्देश्य नहीं था (लखनऊ)


बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक महिला डॉक्टर का हिजाब हटाए जाने के मामले में यूपी के मंत्री संजय निषाद के बयान ने विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था, "नकाब ही तो छुआ है, कहीं और छू लेते तब..."। इस पर सपा सांसद इकरा हसन ने कहा कि यह बयान खतरनाक है। बाद में मंत्री निषाद ने सफाई देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी का अपमान करना नहीं था और यह भोजपुरी बोलचाल की शैली थी। उन्होंने कहा कि अगर किसी को बुरा लगा तो वह अपने शब्द वापस लेते हैं।


3- लखनऊ: मिलावटी खाद बेचने वालों पर रासुका की चेतावनी, सीएम योगी ने अफसरों की जवाबदेही तय करने के दिए निर्देश


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को खाद वितरण की समीक्षा बैठक में सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिलावटी या नकली खाद बेचने वालों व कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) लगेगा। किसानों को खाद मिलने में कोई समस्या आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और विजिलेंस जांच कराई जाएगी। सीएम ने कहा कि सहकारिता व कृषि मंत्री रोजाना समीक्षा करें। बैठक में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही व सहकारिता राज्यमंत्री जेपीएस राठौर मौजूद रहे।


4- लखनऊ: इकाना स्टेडियम में आज भारत-दक्षिण अफ्रीका टी-20 मैच, कड़ी सुरक्षा और सिर्फ हार्ड कॉपी टिकट पर मिलेगी एंट्री


बुधवार शाम इकानास्टेडियम में होने वाले भारत-दक्षिण अफ्रीका टी-20 मैच के लिए पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं। एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात होंगे। एंट्री सिर्फ टिकट की हार्ड कॉपी दिखाने पर मिलेगी, डिजिटल टिकट मान्य नहीं होंगे। दोपहर 2 बजे से यातायात डायवर्जन लागू होगा। पार्किंग के लिए निर्धारित स्थलों (पी-1, पी-2, पी-3) का ही उपयोग करना होगा। पानी की बोतल, पावरबैंक, हेलमेट आदि ले जाना प्रतिबंधित है।


5- मौसम: उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का अलर्ट, आज यूपी में 'बहुत घना कोहरा' संभावना


देश के अधिकतर हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए उत्तर प्रदेश में 'बहुत घने कोहरे' की चेतावनी जारी की है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली व मध्य प्रदेश में भी घने कोहरे के आसार हैं। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। हिमाचल के लाहौल-स्पीति में तापमान शून्य से नीचे पहुंचा। दिल्ली-एनसीआर में अगले पांच दिन कोहरा रहने का अनुमान है। रात का तापमान और गिरने से ठिठुरन बढ़ेगी।


✳️ अन्य बड़ी खबरें :

1- उत्तर प्रदेश: सीएम योगी ने मथुरा एक्सप्रेसवे हादसे पर जताया दुख, कोहरे में दुर्घटनाएं रोकने के निर्देश (लखनऊ/मथुरा)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मथुरा में कोहरे के कारण हुए भीषण एक्सप्रेसवे हादसे पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि सुबह जागते ही आठ बसों की टक्कर व 20 से अधिक मौतों की खबर मिली। सीएम ने ट्रैफिक पुलिस व परिवहन विभाग को एक्सप्रेसवे पर पेट्रोलिंग बढ़ाने, कैमरे लगाने और एम्बुलेंस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मथुरा के बलदेव क्षेत्र में हुए इस हादसे में 13 लोगों की जलकर मौत हुई, जबकि 70 घायल हुए। शवों के अंग 17 पॉलिथीन में बरामद हुए हैं। एडीएम प्रशासन अमरेश की अगुवाई में मजिस्ट्रेट जांच शुरू हुई है।


2- प्रदेश: पेट्रोल पंप खोलने में अब चार विभागों की एनओसी की जरूरत नहीं, सरकार ने प्रक्रिया सरल बनाई

यूपीसरकार ने कारोबारी सुगमता के तहत बड़ा फैसला लिया है। अब पेट्रोल-डीजल पंप खोलने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और वन विभाग समेत चार विभागों से अलग से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) लेने की जरूरत नहीं रहेगी। खाद्य एवं रसद विभाग के आदेश के मुताबिक, अब मुख्य रूप से राजस्व, बिजली, लोक निर्माण और विकास प्राधिकरण से ही एनओसी लेनी होगी। बाकी विभागों के लिए स्वघोषणा पत्र पर्याप्त होगा।


3- लखनऊ: इकाना मैच के चलते शहीद पथ और आसपास के इलाकों में आज भारी ट्रैफिक जाम व यातायात प्रतिबंध की आशंका

आज इकानास्टेडियम में क्रिकेट मैच होने से शहीद पथ और आसपास के इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम व परेशानी की आशंका है। स्थानीय निवासियों ने इसे 'अघोषित कर्फ्यू' बताया है। दोपहर बाद एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। पूर्व न्यायाधीश वीएन सिंह ने स्थायी ट्रैफिक प्रबंधन व्यवस्था बनाने की मांग की है। पुलिस ने दर्शकों से सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल की अपील की है।


4- शामली: बुर्का न पहनने पर पत्नी और दो नाबालिग बेटियों की हत्या का मामला सामने आया, आरोपी ने आंगन में दफनाए थे शव (थाना कांधला)

शामली में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुर्का न पहनने के विवाद में एक व्यक्ति पर पत्नी और दो नाबालिग बेटियों की हत्या का आरोप है। आरोपी फारुख ने पुलिस जांच में बताया कि उसने 8 दिसंबर की रात पत्नी ताहिरा व बेटी आफरीन (16) को गोली मारी और दूसरी बेटी सहरीन (14) का गला घोंट दिया। इसके बाद तीनों के शव घर के आंगन में बने सेप्टिक टैंक में दफना दिए। परिवार के लापता होने की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने खुदाई कर शव बरामद किए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला गांव गढ़ी दौलत का है।


5- ऑस्ट्रेलिया: सिडनी आतंकी हमले में शामिल साजिद अकरम हैदराबाद का रहने वाला था, परिवार ने 27 साल पहले तोड़ा था नाता (सिडनी)

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बॉन्डी बीच पर यहूदी समुदाय पर हमला करने वाला आतंकी साजिद अकरम मूल रूप से हैदराबाद, तेलंगाना का रहने वाला था। परिवार के अनुसार, उसने 1998 में ऑस्ट्रेलिया जाने के बाद एक ईसाई महिला से शादी कर ली थी, जिसके बाद उन्होंने उससे नाता तोड़ लिया। 50 वर्षीय साजिद के पास भारतीय पासपोर्ट था और वह लाइसेंसी बंदूक से हमला किया था। इस हमले में 15 लोगों की मौत हुई, जिनमें तीन घायल भारतीय छात्र भी शामिल हैं। हमले के दौरान एक नागरिक अहमद अल अहमद ने आतंकी से बंदूक छीनकर वीरता दिखाई थी।


⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तर प्रदेश डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया उत्तर प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।

By : Bulletin Head Ayush Tiwari & Team, Uttar Pradesh Desk, DBUP India

Desk WhatsApp : +91 888 7070 140

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…

टिप्पणियाँ