My City Breaking News - Morning News Bulletin - 20 December 2025 #10 *AXW*

नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं अपने मंडल के सभी जनपद में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 मंडल की टॉप बुलेटिन खबरें :


अयोध्या: गैंगस्टर एक्ट के तहत सपा नेता की दूसरे दिन भी संपत्ति कुर्क, अब तक 16 करोड़ की जायदाद सील (थाना पूराकलंदर/राम जन्मभूमि)

अयोध्यामें समाजवादी पार्टी के नेता व जिला पंचायत सदस्य राजा मानसिंह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को सोहावल तहसील के सरियावां गांव में उनका करीब दो करोड़ रुपये मूल्य का प्रॉपर्टी कार्यालय कुर्क व सील किया गया। इससे पहले गुरुवार को रानी बाजार स्थित 14 करोड़ के होटल पर कार्रवाई हुई थी। सोहावल एसडीएम सविता देवी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में भारी पुलिस बल मौजूद रहा। राजा मानसिंह समेत आठ आरोपी पहले से जेल में हैं। प्रशासन का कहना है कि अन्य संपत्तियों की जांच जारी है।


अंबेडकरनगर: जिला अस्पताल को नया फायर सिस्टम मिलेगा, 4.52 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को मिली मंजूरी (अंबेडकरनगर शहर)

संयुक्त जिलाचिकित्सालय अंबेडकरनगर में अग्निशमन सुरक्षा को दुरुस्त करने के लिए बड़ा कदम उठाया जा रहा है। शासन ने 4 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से नया फायर अलार्म और अग्निशमन संयंत्र लगाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। अस्पताल के सीएमएस पी.एन. यादव के अनुसार, इस परियोजना पर काम अगले दो-तीन महीने में शुरू होने की उम्मीद है। 2005 से चल रहे इस अस्पताल को अभी तक अग्निशमन विभाग से एनओसी नहीं मिल पाई है। नए सिस्टम में स्वचालित मोटर, टैंक, पाइपलाइन और स्मोक डिटेक्टर शामिल होंगे।


अमेठी: कड़ाके की ठंड के मद्देनजर प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम, 40 स्थानों पर अलाव और तहसीलों में रैन बसेरे संचालित (जिला अमेठी)

जिलेमें पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच प्रशासन ने लोगों के लिए व्यापक बंदोबस्त किए हैं। पूरे जिले में 40 स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं। इसके साथ ही सभी तहसीलों, नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं में रैन बसेरे संचालित किए गए हैं। गौरीगंज, मुसाफिरखाना, अमेठी और जगदीशपुर सहित विभिन्न स्थानों पर इन आश्रय स्थलों में सैकड़ों बेड, कंबल और अलाव की व्यवस्था की गई है। अपर जिलाधिकारी अर्पित गुप्ता ने बताया कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति आधार कार्ड दिखाकर इन रैन बसेरों में रह सकता है।


सुल्तानपुर: पुलिस टीम पर बदमाशों ने की फायरिंग, अंबेडकरनगर के दो आरोपी गिरफ्तार; चोरी की बाइक व नकदी बरामद (थाना दोस्तपुर)

दोस्तपुर क्षेत्र मेंशुक्रवार रात पुलिस टीम पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। घटना शैलखा अंडरपास के पास हुई, जब पुलिस ने संदिग्ध बाइक को रोकना चाहा। आरोपियों ने गोली चलाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन बाइक गिरने से दो आरोपी पकड़े गए। गिरफ्तार अंगद निषाद व शिवम शर्मा दोनों अंबेडकरनगर के महरुआ निवासी हैं। पूछताछ में उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर की गईं कई लूट की घटनाओं को कबूला है। फरार आरोपी अभिषेक यादव ने पुलिस पर फायरिंग की बात स्वीकारी गई है। मौके से चोरी की बाइक, नकदी व मोबाइल बरामद हुए।


सुल्तानपुर: शहीद स्मारक समिति के कार्यक्रम में 300 कंबल, 25 साइकिल व 8 सिलाई मशीनें वितरित; काकोरी शहीदों को दी श्रद्धांजलि (सुल्तानपुर शहर)

शहीद स्मारक सेवासमिति के 41वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर शुक्रवार को पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 300 लाभार्थियों को कंबल, 25 साइकिलें और 8 सिलाई मशीनें वितरित की गईं। इसी दिन काकोरी कांड के शहीद पंडित राम प्रसाद 'बिस्मिल', अशफाक उल्ला खान और ठाकुर रोशन सिंह के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। जदयू प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश उपाध्याय ने शहीदों के योगदान को याद किया। संस्थाध्यक्ष करतार केशव यादव ने बताया कि जल्द ही मजदूरों के लिए रिक्शा ट्रॉली भी बांटी जाएंगी।


बाराबंकी: मेयो कॉलेज में सोनू निगम की मधुर आवाज से गूंजा परिसर, तुमसे मिलकर और जीने के हैं चार दिन जैसे गीतों पर झूमे दर्शक (बाराबंकी शहर)

मेयोइंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज कॉलेज में शुक्रवार रात आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में पद्मश्री गायक सोनू निगम ने शानदार प्रस्तुति दी। उन्होंने "तुमसे मिलकर दिल का है जो हाल", "जीने के हैं चार दिन" और "इश्क में है सारी खुशियां" जैसे सुपरहिट गीतों से छात्रों और उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम में पुलिसकर्मी और कॉलेज स्टाफ सहित सभी उम्र के दर्शकों ने इस संगीत संध्या का भरपूर आनंद लिया। सोनू निगम ने दर्शकों से सीधा संवाद भी किया।



⚡ नोट : अन्य सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया की खबरें पढ़ रहे हैं। आपके मंडल की खबरें वर्तमान में सहायक संपादकों द्वारा तैयार की जा रही हैं, जिस कारण त्रुटि की संभावना अधिक है। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया डेस्क 2 पर संपर्क करें।

Bulletin Head & Team, Desk - 2, DBUP India

Desk-2 WhatsApp : +91 888 7070 140

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…

टिप्पणियाँ