DBUP India न्यूज बुलेटिन - 17/11/2025 *SEXC* #8

नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं क्लस्टर-1 के सभी 6 जनपद, उत्तर प्रदेश एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

By : Ayush Tiwari & Team, Desk - 2, DBUP India

प्रदेश-देश की टॉप बुलेटिन खबरें :


बिहार: नीतीश कुमार आज देंगे इस्तीफा, 20 नवंबर को 10वीं बार लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ; मंत्रालयों का बंटवारा तय

बिहार में एनडीए की सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज सोमवार को इस्तीफा देने के बाद 20 नवंबर को 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। भाजपा-जदयू के बीच छह विधायकों पर एक मंत्री के फॉर्मूले पर सहमति बन गई है। इस हिसाब से 89 सीटों वाली भाजपा को 15, 85 सीटों वाले जदयू को 14, 19 सीटों वाली लोजपा (आर) को तीन और हम व आरएलएम को एक-एक मंत्री पद मिलेंगे। शपथ समारोह पटना के गांधी मैदान में होगा।


यूपी: सर्दी ने तोड़ा रिकॉर्ड, कानपुर सबसे ठंडा; सोमवार से थम सकता है पारे का गिरना

उत्तर प्रदेश में समय से पहले पहुंची सर्दी ने कई शहरों में रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। रविवार को कानपुर शहर 7.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। इटावा, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, मेरठ और बुलंदशहर जैसे जिलों में भी रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से पछुआ हवाओं की रफ्तार कम होने के कारण पारा गिरने का सिलसिला थम सकता है और दिन में गुनगुनी धूप निकलने की संभावना है।


क्रिकेट: साउथ अफ्रीका से हार के बाद WTC पॉइंट्स टेबल में भारत तीसरे से फिसला चौथे नंबर पर, ऑस्ट्रेलिया टॉप पर

वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) में भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। कोलकाता में साउथ अफ्रीका से 30 रनों की हार के बाद टीम इंडिया पॉइंट्स टेबल में तीसरे से खिसकर चौथे नंबर (54.17% पॉइंट्स) पर पहुंच गई है। यह भारत की घर पर साउथ अफ्रीका से 15 साल बाद पहली टेस्ट हार है। साउथ अफ्रीका 66.67% पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गया है, जबकि ऑस्ट्रेलिया पहले स्थान पर कायम है। दोनों टीमों के बीच अगला और आखिरी टेस्ट 22 नवंबर से गुवाहाटी में खेला जाएगा।



कलस्टर-1 के सभी 6 जनपदों की टॉप खबरें  :


क्रम :

1. अयोध्या, 2. अमेठी, 3. सुल्तानपुर, 4. लखनऊ, 5. कानपुर, 6. प्रयागराज।

________________________________________

1. अयोध्या :

अयोध्या: 25 नवंबर को राम मंदिर ध्वजारोहण का श्रेष्ठ मुहूर्त घोषित, दोपहर 12 से 12:30 बजे तक फहराए जाएंगे झंडे


राम मंदिर में 25 नवंबर को होने वाले ऐतिहासिक ध्वजारोहण समारोह का शुभ मुहूर्त घोषित कर दिया गया है। यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से 12:30 बजे के बीच 30 मिनट के श्रेष्ठ मुहूर्त में संपन्न होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ध्वज फहराएंगे। समारोह में करीब 8,000 विशिष्ट मेहमान शामिल होंगे। सुरक्षा कारणों से मेहमानों को मोबाइल फोन साथ ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल 18 नवंबर को तैयारियों का जायजा लेने अयोध्या पहुंच सकते हैं।


अयोध्या: नौकरी के झांसे में 30 लाख रुपये की ठगी के आरोप में शिक्षक सहित तीन नामजद, कोतवाली में दर्ज हुई एफआईआर (नगर कोतवाली)

अयोध्या में संस्कृत महाविद्यालय में नौकरी दिलाने के नाम पर 30 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित बृजेश कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि मवई क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक अर्जुन विश्वकर्मा ने उनकी पत्नी और भांजे को नौकरी दिलाने का झांसा देकर यह रकम वसूली। मार्च 2023 में पैसे देने के बाद जब नियुक्ति पत्र लेकर पदभार ग्रहण करने पहुंचे तो प्रधानाचार्य ने पद रिक्त न होने और नियुक्ति पत्र फर्जी होने की बात कही। नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी अर्जुन विश्वकर्मा, उसकी पत्नी शशि कला और बेटे दिव्यांशु के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।


अयोध्या: पार्षदों के प्रस्ताव पर अब 10 लाख रुपये तक के विकास कार्य, नगर निगम बोर्ड की बैठक में लिए गए अहम फैसले

अयोध्या नगर निगम इस वित्तीय वर्ष में पार्षदों के प्रस्ताव पर 10 लाख रुपये तक का विकास कार्य कराएगा। यह निर्णय रविवार को हुई नगर निगम बोर्ड की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने की। बैठक में यह भी तय किया गया कि सुंदरीकरण कराए गए रामनगरी के नौ कुंडों का रखरखाव अब नगर निगम अपने पास लेगा। महापौर ने बताया कि 25 नवंबर को आने वाले हजारों अतिथियों के लिए होमस्टे बुक हुए हैं, जिससे अयोध्या की अर्थव्यवस्था बेहतर हो रही है। बैठक में शहर में लगे प्रकाश पोलों की जांच के लिए एक कमेटी गठित करने का भी प्रस्ताव पारित हुआ।


अयोध्या: ध्वजारोहण समारोह को लेकर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर, एयरपोर्ट पर हर कर्मचारी का वेरिफिकेशन अनिवारय

25 नवंबर को राम मंदिर में होने वाले ऐतिहासिक ध्वजारोहण समारोह को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश-विदेश की कई वीआईपी हस्तियों के आगमन को देखते हुए महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा के खास इंतजाम किए जा रहे हैं। एयरपोर्ट पर तैनात सभी कर्मचारियों का सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है। एनएसजी, सीआरपीएफ, एसपीजी, आईबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम सुरक्षा प्रबंधन संभाल रही है। एयरपोर्ट के आसपास के होटलों और होमस्टे की गहन जांच चल रही है। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुके ने आश्वासन दिया कि आम जनता को किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी।

________________________________________

2. अमेठी :

Nill
________________________________________ 

3.सुल्तानपुर :

सुल्तानपुर: मेडिकल कॉलेज में स्टाफ पर सख्ती, ड्यूटी में अनुपस्थिति पर कटेगा वेतन; लोकायुक्त जांच के बीच आया आदेश (कोतवाली इलाका)

सुल्तानपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव ने स्टाफ के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। नए आदेशों के अनुसार, ड्यूटी के समय बिना अनुमति सीट छोड़ने या अनुपस्थित रहने पर वेतन कटौती और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। ओपीडी चिकित्सकों को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना होगा। यह फरमान प्राचार्य पर चल रही लोकायुक्त जांच के बीच आया है, जिसकी रिपोर्ट कल 18 नवंबर को जिलाधिकारी को सौंपी जानी है। कॉलेज में मरीजों के लिए अल्ट्रासाउंड व एक्स-रे जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव भी बताया जा रहा है।


सुल्तानपुर: संजय सिंह ने साधा निशाना, बोले- 'मोदी जी कट्टा-कट्टा करते हैं, देश का भट्टा लगा दिया' (तिकोनिया पार्क)

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने रविवार को 'सामाजिक न्याय यात्रा' के तहत तिकोनिया पार्क में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, "मोदी जी 'कट्टा-कट्टा' करते हैं, लेकिन उन्होंने देश का भट्टा लगा दिया है।" उन्होंने दावा किया कि देश पर कर्ज 56 लाख करोड़ से बढ़कर 200 लाख करोड़ रुपये हो गया है। बिहार चुनाव पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि 80 लाख वोट चोरी हुए और 14 लाख डुप्लीकेट वोट थे। इस दौरान पूर्व सपा नेता शशि सिंह उनके साथ मंच पर नजर आए।

________________________________________

4. लखनऊ :

लखनऊ: 50 हजार रुपये से ज्यादा बिजली बिल बकाया होने पर काटे जाएंगे कनेक्शन, आज से घर-घर जाएंगी कलेक्शन टीमें

उत्तर प्रदेश में बिजली बिल बकायादारों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी है। विद्युत वितरण निगम ने निर्देश जारी कर दिए हैं कि जिन उपभोक्ताओं का 50 हजार रुपये या इससे अधिक बकाया है, उनके कनेक्शन काट दिए जाएंगे। आज सोमवार से राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में कलेक्शन टीमें बकायादारों के घर-घर जाकर अल्टीमेटम देंगी। अमौसी जोन में सबसे ज्यादा 1.50 लाख उपभोक्ता बकायादार हैं। निगम ने 2.25 लाख बकायादारों से 75 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य रखा है।

________________________________________

5. कानपुर :

कानपुर: कोहरे ने ट्रेनों का मिजाज बिगाड़ा, 15 घंटे तक लेट रहीं स्पेशल ट्रेनें, 835 यात्रियों ने रद्द की यात्रा

बढ़ती सर्दी और कोहरे ने रेल यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया है। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर रविवार को मुंबई, दिल्ली, अजमेर जैसे रूट की आधा दर्जन से ज्यादा स्पेशल और नियमित ट्रेनें 15 घंटे तक देरी से पहुंचीं। इसकी वजह से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और करीब 835 यात्रियों ने अपनी यात्रा रद्द कर दी। दृश्यता कम होने के कारण लोको पायलट को ट्रेनों की गति कम करनी पड़ रही है, जिससे देरी हो रही है।


कानपुर: बीएलओ के साथ अभद्रता का मामला, एसआईआर फॉर्म फाड़े जाने पर परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर (गोविंदनगर थाना)

गोविंदनगर थाना क्षेत्र के दबौली वेस्ट इलाके में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) राधा देवी सचान के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। बीएलओ ने आरोप लगाया है कि जब वह 8 नवंबर को मतदाता सूची का एसआईआर फॉर्म बांटने मकान नंबर 214, दबौली वेस्ट पहुंचीं तो वहां रमेश सिंह चौहान और उनके परिवार के सदस्यों ने न सिर्फ फॉर्म लेने से इनकार किया, बल्कि गाली-गलौज करके सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए और हत्या की धमकी देकर उनका पीछा किया। गोविंदनगर थाने में परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

________________________________________

6. प्रयागराज :

Nill

नोट : अन्य सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप वा न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तर प्रदेश डेस्क के कलस्टर 1 की खबरें पढ़ रहे हैं, जिनमें 6 जिले शामिल हैं। 


🪙 आज बाजार में :

1. सोना (24K प्रति 10 ग्राम) - ₹1,27,850.00
2. सोना (22K प्रति 10 ग्राम) - ₹1,17,200.00
3. चांदी (प्रति किलो) - ₹1,73,100.00
4. एक डॉलर - ₹88.74


टिप्पणियाँ