दिल्ली: 32 कारों से सीरियल ब्लास्ट की साजिश, बाबरी विध्वंस की बरसी पर हमले की योजना *HDRG* #24
दिल्ली में लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए कार धमाके की जांच में खुलासा हुआ है कि आतंकी देशभर में 32 कारों से विस्फोट करना चाहते थे। यह हमला 6 दिसंबर को बाबरी मस्जिद ढहाए जाने की बरसी पर प्लान किया गया था। इस धमाके में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है और 20 घायल हैं। अब तक तीन कारें बरामद हो चुकी हैं।
जांच में सामने आया बड़ा षड्यंत्र
जांच एजेंसियों को मिली जानकारी के अनुसार, आतंकवादी समूह 6 दिसंबर को बाबरी मस्जिद के विध्वंस की वर्षगांठ के मौके पर देशभर में सीरियल विस्फोट करना चाहता था। इसके लिए उन्होंने ब्रेजा, स्विफ्ट डिजायर, इकोस्पोर्ट और आई20 जैसी 32 कारों का इंतजाम किया था, जिनमें बम और विस्फोटक सामग्री भरकर धमाके किए जाने थे। 10 नवंबर को दिल्ली के लाल किले के पास हुआ आई20 कार धमाका इसी साजिश का हिस्सा बताया जा रहा है।
बरामद हुईं तीन कारें, एक की तलाश जारी
इस बड़े षड्यंत्र का पता लगाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है। अब तक इस मामले में तीन कारों को बरामद किया जा चुका है, जबकि चौथी कार, एक स्विफ्ट डिजायर, की तलाश अभी भी जारी है। हरियाणा के खंडावली गांव में एक संदिग्ध गाड़ी मिलने की सूचना के बाद एनएसजी की बम निरोधक टीम मौके पर पहुंची थी। माना जा रहा है कि यह गाड़ी उसी साजिश से जुड़ी हो सकती है।
केंद्र सरकार ने माना आतंकी हमला
इस घटना को केंद्र सरकार ने आतंकी हमला मानते हुए गंभीरता से लिया है। बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस आतंकी हमले पर एक प्रस्ताव भी पारित किया गया। दिल्ली धमाके की जांच से जुड़े सूत्रों ने पहले ही आशंका जताई थी कि आतंकियों के पास एक नहीं, बल्कि दो कारें थीं। इसी को देखते हुए दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और हरियाणा में अलर्ट जारी किया गया था। इस हमले में घायल हुए 20 लोगों में से तीन की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें