नई दिल्ली: NHAI का क्लीन टॉयलेट चैलेंज, गंदे टॉयलेट की फोटो पर FASTag में ₹1000 इनाम #19 *AQQ*

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने 'स्पेशल कैंपेन 5.0' के तहत क्लीन टॉयलेट पिक्चर चैलेंज शुरू किया है। यह अभियान 31 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। उपयोगकर्ताओं को 'राजमार्गयात्रा' ऐप पर टोल प्लाजा के गंदे टॉयलेट की जियो-टैग्ड फोटो अपलोड करनी होगी। सही पाए जाने पर शिकायतकर्ता के FASTag में 1000 रुपए जोड़े जाएंगे।


क्या है यह नया अभियान?

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारा शुरू किए गए 'स्पेशल कैंपेन 5.0' के तहत अब यात्री राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल प्लाजा के आसपास मौजूद गंदे टॉयलेट की शिकायत कर पाएंगे। इसके लिए उन्हें 'राजमार्गयात्रा' एप्लिकेशन के जरिए गंदे टॉयलेट की जियो-टैग्ड तस्वीर अपलोड करनी होगी।

कैसे मिलेगा एक हजार रुपये का इनाम?

शिकायत की गई तस्वीर की NHAI द्वारा जांच की जाएगी। यदि शिकायत वैध पाई गई, तो शिकायत दर्ज करने वाले व्यक्ति के वाहन के FASTag में 1000 रुपए का इनाम जोड़ दिया जाएगा। यह राशि सीधे FASTag में ट्रांसफर की जाएगी, जो न तो ट्रांसफर होगी और न ही नकद में दी जाएगी। इस अभियान की अवधि 31 अक्टूबर, 2025 तक निर्धारित की गई है।

शिकायत करने का सही तरीका क्या है?

उपयोगकर्ताओं को सबसे पहले 'राजमार्गयात्रा' ऐप का नवीनतम संस्करण डाउनलोड करना होगा। फोटो अपलोड करते समय अपना नाम, स्थान, वाहन का पंजीकरण नंबर और मोबाइल नंबर जैसी जानकारी देनी होगी। यहां यह ध्यान रखना जरूरी है कि केवल जियो-टैग्ड फोटो ही मान्य होगी, जिसमें स्थान की सटीक जानकारी (लॉन्गिट्यूड और लैटिट्यूड) शामिल होती है।

किन बातों का रखना होगा ध्यान?

यह योजना केवल NHAI के अधिकार क्षेत्र वाले टोल प्लाजा पर बने और संचालित टॉयलेट्स पर ही लागू होती है। पेट्रोल पंप, ढाबों या NHAI की अन्य सेवाओं को इस अभियान से बाहर रखा गया है। इसके अलावा, प्रत्येक उपयोगकर्ता एक दिन में केवल एक बार ही इनाम के लिए पात्र होगा, चाहे उसने एक दिन में कितनी भी शिकायतें क्यों न दर्ज की हों।

टिप्पणियाँ