DBUP India न्यूज बुलेटिन - 16/10/2025 - जनपद अयोध्या *BU* #52
⚡अयोध्या/ उ.प्र/ भारत - कल और आज की बड़ी खबरें :
चलिए बात करते हैं अयोध्या, उत्तर प्रदेश और भारत की बीते 12 घंटों की टॉप खबरों की।
बता दें, कल रात तक की सभी प्रमुख खबरें नाइट बुलेटिन में कवर की जा चुकी हैं, जिन्हें आप अलग से पढ़ सकते हैं|
सबसे पहले बात अयोध्या की बड़ी खबरों की :
1- अयोध्या: दीपोत्सव में 28 लाख दीपों से बनेगा नया विश्व रिकॉर्ड, 18 से 20 अक्टूबर तक चलेगा भव्य आयोजन (अयोध्या)
अयोध्या में 19 अक्टूबर को होने वाले नौवें दीपोत्सव की तैयारियाँ जोरों पर हैं। राम की पैड़ी के 54 घाटों पर 28 लाख से अधिक दीप जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य है। पहली बार 1100 ड्रोन से रामायण के प्रसंगों पर आधारित शो होगा, जिसकी तैयारी IIT दिल्ली के इंजीनियर कर रहे हैं। डीएम निखिल टीकाराम फुंदे ने बताया कि 18 से 20 अक्टूबर तक तीनों दिन शो होंगे, ताकि अधिक से अधिक भक्तों को दर्शन का मौका मिले। ग्रीन आतिशबाजी और लेजर शो भी आकर्षण का केंद्र होंगे। लक्ष्मण किला घाट पर सवा लाख दीपों की सजावट होगी।
2- अयोध्या: तुलसी पीठाधीश्वर रामभद्राचार्य ने रामलला के दर्शन किए, कहा- 'मथुरा में भी अयोध्या जैसी भूमिका रहेगी' (अयोध्या)
तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने मंगलवार को अयोध्या पहुँचकर रामलला के दर्शन किए और करीब 10 मिनट तक उनके सामने बैठे रहे। उन्होंने कहा, "रामलला को देखकर मन हुआ कि गोद में उठा लूँ।" इसके बाद उन्होंने हनुमानगढ़ी में पूजा-अर्चना की और राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास से मुलाकात की। मथुरा मामले पर उन्होंने कहा कि जो भूमिका अयोध्या में थी, वही मथुरा में रहेगी। दीपोत्सव को लेकर उन्होंने कहा कि इस बार तीन नए रिकॉर्ड बनेंगे।
3- कामाख्या धाम में 1.51 लाख दीपों से होगा दीपोत्सव, विधायक रामचंद्र यादव ने लिया तैयारियों का जायजा
जिले के प्रसिद्ध कामाख्या धाम में 18 अक्टूबर को 1.51 लाख दीपों से दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन लगातार चौथे साल हो रहा है। विधायक रामचंद्र यादव ने तैयारियों का जायजा लेते हुए नगर पंचायत ईओ निखिलेश मिश्रा को साफ-सफाई और रोशनी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा है, इसलिए इसे भव्य और सुरक्षित बनाया जाए।
4- अयोध्या: सोहावल के नए एसडीएम न्यायिक बने विकास धर दुबे, दीपोत्सव के नोडल अधिकारी भी (सोहावल)
अयोध्या में प्रशासनिक फेरबदल के तहत विकास धर दुबे को सोहावल का एसडीएम न्यायिक नियुक्त किया गया है। उन्हें दीपोत्सव कार्यक्रम का नोडल अधिकारी भी बनाया गया है। वहीं, संतोष कुमार को रुदौली का एसडीएम नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों के साथ ही दिन भर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है।
अब नजर उत्तर प्रदेश, भारत और अन्य जरूरी खबरों पर :
5- अंतरराष्ट्रीय: ट्रम्प का दावा- भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा, राहुल गांधी बोले- 'मोदी डर गए' (न्यूयॉर्क)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। ट्रम्प ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह बात कही। इस पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे ट्रम्प से डर गए हैं और देश की गरिमा से समझौता कर रहे हैं। कांग्रेस ने मोदी को "कमजोर प्रधानमंत्री" बताया।
6- लखनऊ: सीएम योगी का सख्त बयान- बेटियों से छेड़खानी करने वाले को यमराज का टिकट मिलेगा, रंग में भंग डालने वाला जेल में (लखनऊ)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि बेटियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों को यमराज का टिकट मिलेगा। उन्होंने कहा, "रंग में भंग डालने वालों को जेल में ठूंस दिया जाएगा। दंगाइयों के आगे झुकने वाली सरकार अब नहीं है।" उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1.82 लाख महिलाओं को मुफ्त सिलेंडर वितरित किए और कहा कि होली और दीपावली पर हर साल दो मुफ्त सिलेंडर दिए जाएंगे।
7- दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने दी ग्रीन पटाखों की इजाजत, 18 से 21 अक्टूबर तक सिर्फ तीन घंटे ही फोड़ सकेंगे (दिल्ली-एनसीआर)
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में 18 से 21 अक्टूबर तक ग्रीन पटाखे फोड़ने की इजाजत दे दी है। कोर्ट ने कहा कि सुबह 6-7 बजे और रात 8-10 बजे के बीच ही पटाखे फोड़े जा सकेंगे। CJI बीआर गवई ने कहा कि पर्यावरण के साथ समझौता नहीं किया जाएगा, लेकिन बैलेंस अप्रोच अपनानी होगी। यह आदेश दिवाली, गुरु पर्व और क्रिसमस जैसे त्योहारों को ध्यान में रखते हुए दिया गया है।
🚨 अब कुछ खबरें हैडलाइन में :
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें