अयोध्या: महासचिव का आमंत्रण - पत्रकारों ने किया राममंदिर का दर्शन व प्रेस वार्ता, डीबीयूपी अयोध्या ब्यूरो चीफ़ रहे मौजूद #5 *KJW*

सारांश: 

श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने शुक्रवार को मीडिया को मंदिर परिसर का कराया दर्शन, प्रेस वार्ता अंतरराष्ट्रीय मीडिया सेंटर अयोध्या में बताया कि अक्टूबर से राम मंदिर परिसर में सीता रसोई में भगवान रामलला का भोग तैयार होगा। मंदिर सुरक्षा के लिए 4 किलोमीटर लंबी दीवार डेढ़ साल में बनेगी। रोज 70 हजार श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। डीबीयूपी अयोध्या से ब्यूरो चीफ धर्मचंद मिश्रा, बलराम तिवारी (अमृत विचार), प्रशांत शुक्ला (नेटवर्क 10) आदि मौजूद रहे |



अयोध्या ब्यूरो, डीबीयूपी इंडिया।
श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने शुक्रवार को अयोध्या के अंतरराष्ट्रीय मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ी जानकारियां साझा कीं। डीबीयूपी इंडिया के अयोध्या ब्यूरो चीफ धर्म चंद्र मिश्रा के साथ अन्य मीडिया चैनल के साथी बलराम तिवारी (Amrit Vichar), प्रशांत शुक्ला (Network 10) सहित कई पत्रकार मौजूद रहे। चलिए, बिना देर किए समझते हैं मुख्य बिंदु।


सीता रसोई में अक्टूबर से बनेगा भोग

चंपत राय ने बताया कि राम मंदिर के पास बन रहे अन्नपूर्णा माता मंदिर के बेसमेंट में अक्टूबर के बाद भगवान श्रीराम के लिए प्रसाद तैयार होना शुरू हो जाएगा। इस जगह को "सीता रसोई" नाम दिया गया है। यहां रामलला के लिए भोग बनाने की तैयारी पूरी हो चुकी है।

मंदिर निर्माण पूरा, सुरक्षा दीवार का ऐलान

चंपत राय ने स्पष्ट किया कि राम मंदिर का निर्माण पूरा हो गया है और सभी देवी-देवताओं की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा भी कर दी गई है। परकोटे में दो तांबे की मूर्तियां भी लगाई गई हैं। मंदिर की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है:

  • चारों तरफ 4 किलोमीटर लंबी सुरक्षा दीवार बनाई जाएगी।
  • इसका काम जल्द शुरू होगा और इसमें डेढ़ साल लगेंगे।
  • चार गेट बनाए जा रहे हैं, जो मंदिर की सुंदरता बढ़ाएंगे।

रोजाना 70 हजार श्रद्धालु कर रहे दर्शन

मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर रोजाना 70 हजार तक पहुंच गई है, जबकि पहले यह संख्या 30-40 हजार थी। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालु कतार में आकर आसानी से दर्शन कर पा रहे हैं और चेकिंग के बाद उन्हें प्रवेश मिलता है।


पत्रकारों ने किया मंदिर का दर्शन

प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद चंपत राय ने पत्रकारों को मंदिर परिसर का भ्रमण कराया। इस दौरान उन्होंने निर्माण, बनावट और खासियतों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पत्रकारों ने सबसे पहले रामलला का दर्शन किया, फिर राम दरबार और गर्भगृह देखा। सूर्य तिलक जैसे पहलुओं पर भी सवाल-जवाब हुए। करीब 45 मिनट के इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए किए गए इंतजामों की भी जानकारी दी गई।

रिपोर्टिंग: धर्म चंद्र मिश्रा (अयोध्या ब्यूरो चीफ, डीबीयूपी इंडिया)

टिप्पणियाँ